मां चामुंडा को हर दिन हलवा-पूरी से लगेगा भोग
सुबह आठ और सायं 7:30 बजे होगी आरती
अमर उजाला ब्यूरो
चामुंडा (कांगड़ा)। चामुंडा नंदिकेश्वेर धाम में शरद नवरात्रों के दौरान सुबह छह बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। नवरात्रों के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से छह अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे मंदिर में लगाए गए हैं, जबकि 51 पुलिस बल के जवान और बीस होमगार्ड के जवान मंदिर सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। आचार्य बालक राम की अगुवाई में 61 विद्वान पंडित और नौ संस्कृत महाविद्यालय के छात्र नवरात्रों के दौरान यज्ञशाला में सहस्त्र चंडी, सपाद गायत्री, भागवत परायण, रामायण कथा और चामुंडा गायत्री बीज मंत्र का पाठ करेंगे। एसडीएम धर्मशाला एवं मंदिर सहायक आयुक्त धर्मेश रामोत्रा गणेश वंदना और कलश स्थापना कर मुख्य यजमान संसार मित्र और सहायक यजमान मुनीश सूद की मौजूदगी में शरद नवरात्रों का शुभारंभ करेंगे। मां चामुंडा की आरती सुबह 8 बजे और सायं 7:30 बजे होगी। नवरात्र में मां चामुंडा को हर दिन हलवा-पूरी, खीर, दूध, आलू और गोभी आदि सब्जियां और फलों का भोग लगाया जाएगा। जबकि, अष्टमी की रात को मां चामुंडा का पुराना सिंदूर उतारकर नया सिंदूर अर्पित किया जाएगा। रात को मां चामुंडा नशीतपूजन कर मां के चरणों में 108 प्रकार के देसी घी से बने व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इसे प्रसाद स्वरूप सभी भक्तों में वितरित किया जाएगा। उधर, मंदिर अधिकारी सुमन धीमान ने बताया कि 18 अक्तूबर को विजय दसवीं के दिन 12 बजे पूर्णाहुति डालकर नवरात्रों का समापन होगा।
मुख्य गेट बंद, मुख्य गेट से जोड़ा वीआईपी रोड
श्री चामुंडा नंदिकेश्वेर धाम के सौंदर्यीकरण के लिए कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। इसके चलते मुख्य गेट को बंद किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वीआईपी रोड के साथ वाले रास्ते को मुख्य गेट से जोड़ा गया है। मंदिर अधिकारी सुमन धीमान ने बताया कि मंदिर को मुख्य गेट से लेकर मंदिर तक लड़ियों, चुनियों और फूलों से सजाया गया है।