गगल (कांगड़ा)। व्यापार मंडल के साथ बैठक में गगल थाना प्रभारी मेहरदीन ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के आगे हाई पावर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाएं। इसके अलावा बाजार में चौकीदार रखें। इस पर व्यापार मंडल के प्रधान दविंद्र कोहली ने कहा कि बाजार में चौकीदार रखने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए शीघ्र ही दुकानदारों के साथ बैठक करेंगे।
उधर, मेहरदीन ने बताया कि वह इलाके में बढ़ रहे नशे के कारोबार को लेकर उसपर रोक लगाने के लिए लोगों के सहयोग से सात सितंबर से इलाके में नशे के विरुद्ध 15 दिन का अभियान चलाएंगे।
बैठक में उपस्थित टैक्सी ऑपरेटरों ने आरोप लगाया कि इलाके में कई निजी वाहन अपने वाहनों में सवारियां ढो रहे हैं, इससे टैक्सी चालकों को घाटा हो रहा है। इस पर थाना प्रभारी ने टैक्सी चालकों को आश्वासन दिया कि ऐसे निजी वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस कड़े से कड़े कदम उठाएगी। बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने बैंक प्रबंधकों से भी अपील की कि वे बैंकों में हो रही घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बैंकों में सुरक्षा गार्ड तैनात करें।