नववर्ष के पहले दिन मां जवालाजी के दर्शन करते श्रद्धालु।
- फोटो : Kangra
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में नववर्ष पर 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर नववर्ष का आगाज किया। नववर्ष के उपलक्ष्य पर शक्तिपीठ ज्वालाजी मंदिर के कपाट शनिवार सुबह 5 बजे खोल दिए गए थे।
सुबह कड़ाके की ठंड के कारण श्रद्धालु कम थे, पर जैसे-जैसे दिन चढ़ा, लाइनें लंबी होती गई। ज्वालामुखी मंदिर में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं ने लाइनों में लगकर ज्वाला मां के दर्शन किये और जयकारे भी लगाए।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और सभी तरफ सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नजर आई। हरियाणा से आए श्रद्धालुओं मंजीत, सुदेश, बलबीर, मोहन आदि ने बताया कि साल के पहले दिन मां ज्वाला की ज्योति के दर्शन किए और बहुत आनंद आया। उन्होंने बताया कि वे हर साल मां ज्वाला की ज्योति के दर्शन कर साल का शुभारंभ करते हैं।
पुजारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि मंदिर न्यास की ओर से इस कड़ाके की ठंड में श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि नए साल के पहले दिन पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालुओं ने ज्वाला मां के दरबार में दर्शन किए। मंदिर अधिकारी और तहसीलदार दीनानाथ यादव, एसडीएम मनोज ठाकुर ने मंदिर में व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।