धर्मशाला। जिला जिला में रविवार को कोरोना संक्रमण के 22 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 40 कोविड संक्रमित लोग स्वस्थ भी हुए हैं। वहीं, मंडी जिले के जोगिंदरनगर के 62 वर्षीय बुजुर्ग की टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि कांगड़ा जिले में अब कोविड के एक्टिव केस 366 हैं। सभी संक्रमित नागरिकों के उपचार के लिए उचित व्यवस्था की गई है, होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड रोगियों को दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के कुल 47,865 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 46,426 मरीजों ने वायरस को मात दे दी है।
वहीं 1069 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन कोविड संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क और सजग है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भी सामाजिक दूरी की अनुपालना सुनिश्चित करें और मास्क का उपयोग भी किया जाना जरूरी है तभी कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।