अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां(कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के तीन दिवसीय ऐतिहासिक जिला स्तरीय लिदवड़ मेले का रविवार को टमक की चोट के साथ शुभारंभ हुआ। मेले में एडीएम मस्तराम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। एसडीएम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यातिथि मस्तराम नगरोटा बगवां के एसडीएम सिद्धार्थ आचार्य की अगुवाई में मेला कमेटी सदस्यों के साथ एक शोभायात्रा निकाली। साथ ही माता नारदा शारदा मंदिर में पूजा अर्चना की।
एडीएम ने कुश्ती स्टेडियम में इस मेले की खासियत छिंज का झंडा रस्म अदा कर शुभारंभ किया। मेले का समापन 27 मार्च को होगा, जिसमें नगरोटा बगवां के दोहा कतर में एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट व्यवसायी लोकेश वालिया अपने स्वर्गीय पिता की याद में बड़ी माली के विजेता पहलवान को 31 हजार रुपये बतौर इनाम प्रदान करेंगे। मेले के समापन पर स्थानीय विधायक अरुण कुमार कूका बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। रविवार को शुभारंभ अवसर पर तहसीलदार मनोज कुमार, नायब तहसीलदार संसार चंद, नप अध्यक्ष स्वर्णा वालिया, उपाध्यक्ष बलराम पुरी, पार्षद सुमेश कुमार, ईओ चमन लाल कपूर, एचआरटीसी नगरोटा बगवां डिपो के आरएम राजकुमार, कानूनगो महिंदर चौधरी, एसएचओ सुरिंदर ठाकुर, मेला कमेटी सदस्य अविनाश खोसला, घनश्याम वर्मा, दीपक ठाकुर, रविंद्र शर्मा, हरभजन सिंह और जोगिंद्र सेठ आदि मौजूद रहे।