सड़क पर डंगा न लगने से हो सकता बड़ा हादसा
भटवारा में डंगा लगाने के बजाय बजरी की बोरियां भरकर चलाया जा रहा काम
बरसात में बजरी से भर रखी बोरियां भी अब सड़ने लगी
बृज मोहन कंठवाल
लंबागांव (कांगड़ा)। पालमपुर से जयसिंहपुर वाया लाहट कोटलू सड़क की भटवारा के पास हालत खराब हो गई है। इस कारण यहां पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सड़क की खराब हालत को देखकर भी विभाग लापरवाह बना हुआ है। हालत यह है कि सड़क पर डंगा लगाने के बजाय विभाग यहां पर बोरियां लगाकर काम चला रहा है।
हालांकि, बरसात की बारिश के बाद यह मुद्दा अमर उजाला ने पहले भी उठाया था। इस पर विभाग ने इसे ब्लैक स्पॉट घोषित कर यहां पर सावधानी का साइन बोर्ड लगाकर और बजरी से भरी बोरियां रख कर अपना पल्ला झाड़ लिया था, लेकिन करीब आधा साल बीत जाने के बाद भी विभाग ने इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला है। इस ब्लैक स्पॉट पर नीचे सीधे करीब दो फुट नीचे खड्ड है। अब यहां पर रखी बजरी की बोरियां भी सड़ने लगी हैं।
सड़क के इस ब्लैक स्पॉट से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्काड़ खड्ड पर बने पुल का भी एक तरफ से ढंगा गिरा हुआ था। विभाग यहां पर दो युवकों की मौत के बाद हरकत में आया था। क्षेत्र के लोगों रवि कांत, संजय कुमार, प्यार चंद, संतोष सूद, विजय कुमार, राजेंद्र चौधरी और राजीव कुमार आदि का कहना है भटवारा के पास लाहट कोटलू सड़क पर खतरा बना हुआ है। लेकिन, विभाग ने इस पर अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ भवारना विजय वर्मा ने कहा कि यहां पर डंगा लगाने के लिए एस्टीमेट स्वीकृति के लिए भेजा हुआ है। पैसा आते ही यहां पर डंगा लगा दिया जाएगा।