अप्पर धर्मशाला स्थित तिब्बती चिल्ड्रन्स विलेज में होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। 15वां धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 29 अक्तूबर से एक नवंबर तक अप्पर धर्मशाला स्थित तिब्बती चिल्ड्रन्स विलेज में आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के फिल्म प्रेमियों और फिल्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के भाग लेने की उम्मीद है।
फेस्टिवल निदेशक रितु सरीन ने बताया कि धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल विश्व सिनेमा को स्थानीय दर्शकों तक पहुंचाने के साथ क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दे रहा है। महोत्सव हर वर्ष फिल्म प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे धर्मशाला की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
रितु सरीन ने बताया कि पिछले आयोजनों में लगभग 50 प्रतिशत प्रतिभागी धर्मशाला से बाहर के रहे हैं। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों और फिल्म प्रेमियों की भागीदारी स्थानीय पर्यटन एवं संबंधित गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से हिमालयी क्षेत्र के उभरते फिल्म निर्माताओं को प्रतिष्ठित फिल्म विशेषज्ञों से सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। इसके अतिरिक्त, स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष फिल्म प्रदर्शन और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।