धर्मशाला अस्पताल की ऑर्थो ओपीडी आठ दिन से बंद
चर्म रोग विशेषज्ञ 11 सितंबर तक छुट्टी पर, मरीज कहां कराएं इलाज
दूरदराज के लोगों को हो रही है भारी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिला मुख्यालय के जोनल अस्पताल धर्मशाला में मरीजों को ऑर्थो और चर्म रोग विशेषज्ञों की सुविधा नहीं मिल रही है। पिछले आठ दिन से कई मरीज ऑर्थो ओपीडी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञ पूरे महीने की छुट्टी पर होने के कारण बिना उपचार करवाए मायूस होकर वापस जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर चर्म रोग ओपीडी भी बंद है। चर्म रोग विशेषज्ञ भी 11 सितंबर तक अवकाश पर हैं। धर्मशाला अस्पताल में दोनों ओपीडी में सिर्फ एक-एक विशेषज्ञ तैनात है। विशेषज्ञों के छुट्टी पर जाने के कारण दोनों ओपीडी में ताले लटके हैं।
नहीं मान रहे मरीज
ऑर्थो और चर्म रोग विशेषज्ञ अवकाश पर होने के बावजूद मरीज नहीं मान रहे हैं। मरीज पंजीकरण काउंटर पर सिर्फ ऑर्थो और चर्म रोग ओपीडी की पर्ची बनाने की मांग कर रहे हैं। पंजीकरण काउंटर पर तैनात कर्मचारी मरीजों को सामान्य ओपीडी में जांच करवाने की सलाह दे रहे हैं, फिर भी मरीज नहीं मान रहे हैं। शनिवार को भी ऑर्थो और चर्म रोग ओपीडी में लगभग तीस पर्चियां बनाई गईं।
जोनल अस्पताल धर्मशाला के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश महाजन ने कहा कि दोनों विशेषज्ञ अवकाश पर हैं। दोनों ओपीडी के मरीजों की जांच सामान्य ओपीडी में करवाई जा रही है।