देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को जनसंपर्क अभियान के तहत देहरा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर तकरीबन पौने चार करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं के शुभारंभ और शिलान्यास किए। देहरा में सीयू की स्थापना पर सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार इस पर राजनीति करती रही है और कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार के आने के बाद सीयू की स्थापना के लिये सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं और जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। सांसद ने सबसे पहले देहरा में नगर परिषद देहरा के लिए 3 करोड़ 17 लाख 99 हजार से भारत सरकार की शहरी विद्युत प्रणाली के सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत नप देहरा में नए उप केंद्रों का निर्माण, बिजली के ट्रांसफार्मरों की स्थापना और तारों को भूमिगत किया जाएगा। जिससे बिजली की क्षमता में सुधार होगा और इस योजना से तकरीबन 5200 परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देहरा में भी 148 परिवारों को मकान बनाने के लिए धन की स्वीकृति मिली है और इन परिवारों का अब अपना आशियाना होगा। इसके बाद उन्होंने हरिपुर में पुराने जलाशय के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य की आधारशिला रखी। यह जलाशय हरिपुर की पुरानी धरोहर है और इस जलाशय के जीर्णोद्धार पर तकरीबन 63 लाख खर्च किए जाएंगे। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और हरिपुर के इस जलाशय को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि, भाजपा संगठन जिला देहरा अध्यक्ष नरेश चौहान, महामंत्री अरविंद धीमान, भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वदर्शन शर्मा, भाजपा प्रवक्ता जगदीप डढवाल, जिला परिषद सदस्य श्याम दुलारी, पूनम धीमान, नीलम ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता कुमारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष मलकीयत सिंह परमार, अधीक्षण अभियंता बीएस ठाकुर, अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता रजनीश धीमान, प्रवीण धीमान, डीएसपी देहरा एलएम शर्मा के साथ सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।