जयसिंहपुर (कांगड़ा)। लोअर लंबागांव में सोमवार रात हुई भारी बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। आधी रात को घरों में पानी घुसने से लोग आफत में आ गए। पंचायत प्रधान रमेश चौधरी ने बताया कि मोती राम, सुरेश कुमार और किराये के मकानों में रह रहे प्रवासी लोगों के घरों में एक से दो फीट तक पानी घुस गया था।
विश्वकर्मा आईटीआई और पटवार घर के भवन में भी दो फीट तक पानी जमा हो गया। विश्वकर्मा आईटीआई के संचालक जगदीश चंद ने बताया कि रात करीब दो बजे अचानक पानी अंदर आ गया और देखते ही देखते जलस्तर बढ़ गया। उन्होंने पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी। सुबह इसका पता चलते ही जयसिंहपुर के विधायक रवि धीमान मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने विधायक से इस समस्या का हल करने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के दिनों में यहां पानी जमा हो जाता है। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पानी की निकासी का स्थायी हल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उधर, एसडीओ लोक निर्माण विभाग संदीप भटनागर ने बताया कि यहां पानी की निकासी का कोई स्थायी प्रावधान नहीं है। पानी की निकासी के लिए जहां से नाली बनाई जानी है वहां लोगों की निजी भूमि है। जल्द ही लोगों से बात कर पक्की नाली बनाई जाएगी।