जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री आए दिन ग्रीन स्टेट की बात करते हैं, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के ग्रीन एनर्जी के दोहन की संभावनाओं से जुड़े प्रोजेक्ट्स में दिलचस्पी भी नहीं दिखाते हैं। वर्तमान सरकार सिर्फ झूठ बोलकर प्रदेश के लोगों को बरगला रही है और हर दिन एक ही आरोप लगा रही है कि केंद्र सरकार द्वारा कोई मदद नहीं की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आए दिन केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत दिए काम हिमाचल प्रदेश में हो रहे हैं और लोगों को इसका लाभमिल रहा है। आज प्रदेश में जो कुछ भी हो रहा है सब केंद्र सरकार के सहयोग से ही हो रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के 1 लाख 55 हजार लोगों ने पंजीकरण करवा लिया है जिसमें से 5500 आवेदन मंजूर हो चुके हैं और 1150 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर दिया गया है इन संयंत्र की कुल क्षमता 4052 किलोवाट है। इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश की बड़ी आबादी कवर होगी जिनका कोई बिजली बिल नहीं आएगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसी प्रकार केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही आयुष्मान योजना का भी लाभ प्रदेश के लोगों को नहीं मिल रहा है। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी प्रदेशवासियों के लिए चलाई जा रही आयुष्मान योजना का भी राज्य सरकार द्वारा प्रमुखता से प्रचार प्रसार नहीं किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से जुड़ने पर प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा बुजुर्गों को आयुष्मान का लाभ मिलेगा परंतु उसके लिए भी सुक्खू सरकार का रवैया उदासीन ही है। प्रदेश सरकार को केंद्र द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रति सकारात्मक रवैया अपनाना होगा जिससे प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा लोगों को उन योजनाओं का लाभ मिल सके। सरकार की सकारात्मक राजनीति करें जिससे प्रदेश का लाभ हो।