'कांग्रेस नेताओं के दबाव में बयान पलट जाता है'
जयराम ठाकुर ने कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह के उस बयान पर भी चुटकी ली जिसमें उन्होंने हर रेहड़ी-फड़ी धारक को पहचान प्रदर्शित करने के बारे में कहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने इस प्रावधान को लागू करने का निर्णय लिया था तो उस वक्त कांग्रेसियों ने उसका जमकर मजाक बनाया था। आज कांग्रेस के यही नेता उसी नीति को अपना रहे हैं। मंत्री पहले कहते हैं उत्तर प्रदेश योगी सरकार की तर्ज पर वे इसे लागू करेंगे और सुबह होने तक दिल्ली से कांग्रेस नेताओं के दबाव में बयान पलट जाता है।
'अनिरूद्ध सिंह के मंत्री पद पर बात आ गई थी'
उन्होंने कहा कि निर्णय बिल्कुल सही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि विक्रमादित्य सिंह अपने इस बयान पर कब तक कायम रहते हैं, क्योंकि कुछ दिन पहले अनिरूद्ध सिंह ने भी ऐसा बयान दिया था तो उनके मंत्रीपद पर आ गई थी, जिसके बाद उनकी टांगे कांप गई और उन्हें अपने बयान से पलटना पड़ गया था। उन्होंने कहा कि किसानों को लेकर जो बयान सांसद कंगना रनौत ने दिया है वो उनकी निजी राय है, यह पार्टी का मत नहीं है और पार्टी ने इस बारे में स्थिति स्पष्ट भी कर दी है। कंगना ने भी खुद इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है।