पुलिस थाना कल्लू के अंतर्गत आईटीबीपी संस्थान बबेली में एक जवान की गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे की है। मृतक की पहचान सुनील सिंह (37) पुत्र बसबंत सिंह निवासी मनोहर बाग, डाकघर व तहसील जोशीमठ, जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक सुनील बबेली में आईटीबीपी द्वितीय बटालियन में बतौर इंस्ट्रक्टर तैनात थे। रायसन के पास मलोगी गांव के साथ आईटीबीपी के 32 जवानों का पर्वतारोहण का प्रशिक्षण चल रहा था। दो से 28 दिसंबर तक चलने वाले शिविर में जवानों को पहाड़ी पर रस्सी के सहारे चढ़ना और उतरना सिखाया जा रहा था। इस दौरान पहाड़ी में रस्सी को खोलते समय सुनील सिंह अनियंत्रित होकर 20 से 25 फीट नीचे सिर के बल गिर गए।
घटना के बाद अन्य जवानों ने उन्हें उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर से मृत घोषित कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव आईटीबीपी के जवानों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन ने कहा कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है।