परीक्षा होने पर करीब 500 रुपये खर्च करने पड़ते थे
अभ्यर्थियों का कहना है कि पहले जिले में परीक्षा होने पर उन्हें करीब 500 रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब दूसरे जिलों में केंद्र मिलने से यह खर्च बढ़कर तीन से पांच हजार रुपये तक पहुंच सकता है। इसमें किराया, भोजन और ठहरने का खर्च शामिल है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं के लिए इतनी राशि जुटाना चुनौती है। अभ्यर्थियों ने चंबा में कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं के लिए पर्याप्त केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई है, जिससे उन्हें परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों में न जाना पड़े।
पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में पटवारी और कंप्यूटर आधारित परीक्षा देने के लिए दूसरे जिले में जाना पड़ रहा है। इससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। -कंचना देवी, अभ्यर्थी
सरकार बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की बात करती है, लेकिन परीक्षा देने के लिए उन्हें भी जिले से बाहर जाना पड़ रहा है। यह चिंता का विषय है। -प्रांजल, अभ्यर्थी
जिले में कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्रों की कमी से परेशानी बढ़ रही है। चंबा में जहां 500 रुपये में परीक्षा देने का काम हो सकता था, वहीं अब चार से पांच हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। -विशाल कुमार, अभ्यर्थी
जिले में महज दो निजी संस्थानों में ही कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को मजबूरन बद्दी में परीक्षा देने जाना पड़ेगा। -आविद अली, अभ्यर्थी