मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव पर निकली शाही जलेब में नाचते गाते देवलु।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छोटी काशी मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आगाज पर वीरवार को श्रद्धा और उत्साह का अलौकिक नजारा देखने को मिला। लगातार बारिश और 11 डिग्री तापमान के बावजूद 200 से अधिक देवी-देवताओं संग देवलू वाद्ययंत्रों की धुनों पर झूमते-गाते शहर से गुजरे। देव महाकुंभ के विदेशी भी कायल हो गए। श्रद्धालुओं ने छाता लेकर देव परंपरा को नमन किया और फूल बरसाकर देव रथों का भव्य स्वागत किया।
जलेब देखने के लिए घंटों इंतजार
सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। बारिश के बीच श्रद्धा भाव के इस अलौकिक नजारे को देखने के लिए लोग परिवार के सदस्यों के साथ घर से छाता लेकर पहुंचे। इसमें विदेशी मेहमान भी पीछे नहीं रहे। छोटे बच्चों ने भी उत्साह के साथ बारिश के बीच परिवार सहित जलेब देखने के लिए घंटों इंतजार किया। दोपहर एक बजे तक सेरी मंच की सीढ़ियां पूरी तरह पैक हो गईं। चारों तरफ रंग-बिरंगे छाते लेकर बैठे लोग इस आकर्षक नजारें को चार चांद लगाते रहे। करीब ढाई बजे राजदेवता माधो राय की अगुवाई में भव्य जलेब निकाली गई। झमाझम बारिश के बीच श्रद्धा के इस अलौकिक नजारे को लोगों ने अपने मोबाइल फोन में भी कैद किया। युवतियों और नवविवाहिताओं में सेल्फी और रील का काफी उत्साह देखा गया।