देव महाकुंभ की परंपरा निभाने के लिए पहुंचीं माता हिडिंबा
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में देव परंपरा निभाने के लिए मंगलवार को माता हिडिंबा मनाली के ढूंगरी स्थित मंदिर से कुल्लू के लिए रवाना हुईं। सुबह माता की शोभायात्रा शुरू हुई। माता के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मनाली से कुल्लू तक विभिन्न स्थानों पर माता हिडिंबा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने माता के साथ चल रहे देवलुओं और अन्य लोगों के लिए जूस, हलवा और पेयजल की व्यवस्था की। देव भोज का भी आयोजन किया गया। कुल्लू दशहरा उत्सव में माता हिडिंबा की विशेष भूमिका रहती है। माता के आगमन के बिना दशहरा उत्सव की परंपराएं अधूरी मानी जाती हैं। इसी मान्यता के चलते माता हिडिंबा की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माता हिडिंबा की शोभायात्रा देर शाम कुल्लू के रामशीला स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। माता के गूर देवी चंद ने बताया कि कुल्लू दशहरा उत्सव में माता हिडिंबा का विशेष महत्व है। माता के बिना दशहरा उत्सव संपूर्ण नहीं माना जाता। बुधवार सुबह भगवान रघुनाथ की ओर से माता हिडिंबा को निमंत्रण स्वरूप छड़ी भेजी जाएगी। इसके बाद माता रघुनाथ मंदिर पहुंचेंगी। इसके बाद भगवान रघुनाथ की रथयात्रा में भाग लेंगी।
दशहरा की सुरक्षा में 1265 जवान तैनात, ड्रोन से भी नजर
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। उत्सव में 1125 पुलिसकर्मियों और 140 होमगार्ड जवानों समेत कुल 1265 जवान तैनात रहेंगे। ढालपुर सहित उत्सव क्षेत्र की निगरानी 155 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जाएगी। भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटा गया है, जबकि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 430 पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए प्रमुख आयोजन स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध वस्तुओं की जांच के लिए बजौरा पुल और हाथीथान में चेक पोस्ट स्थापित की गई हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
18 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था, 11 मार्गों और क्षेत्रों में नो-पार्किंग
उत्सव के दौरान वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने 18 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। खोरी रोपा में निचले ढालपुर बस स्टैंड के सामने सबसे बड़ी पार्किंग बनाई गई है, जहां 900 वाहन खड़े हो सकेंगे। कुल्लू वैली शॉल शोरूम के निकट 200, होटल सरवरी के सामने ऑफिसर कॉलोनी में 100 और अखाड़ा बाजार के टापू पुल के निकट 100 वाहनों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है। मोनाल कैफे के निकट नगर परिषद पार्किंग में 75, मिनी सचिवालय में 70 और कैटल ग्राउंड व डीएवी स्कूल मैदान मौहल में 50-50 वाहनों को पार्क करने की सुविधा होगी। इसके अलावा वन विभाग मैदान, कैलाश थिएटर, विपाशा मार्केट, सब्जी मंडी, सरवरी बैक साइड मार्केट, कैम्ब्रिज स्कूल के सामने, गांधी नगर पेट्रोल पंप के निकट, पुराने बस अड्डे, शनि मंदिर के निकट और शांगरी बाग में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भगवान रघुनाथ की रथयात्रा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 11 मार्गों और क्षेत्रों में नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। गैमन पुल से ढालपुर चौक, ढालपुर चौक से कॉलेज चौक और कॉलेज चौक से टिकरा बावड़ी तक वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। भूतनाथ पुल से बस स्टैंड होते हुए खोरी रोपा पार्किंग तक और कैटल ग्राउंड के आसपास भी नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।