अमर उजाला ने पिता से की बातचीत
नगरोटा बगवां की पंचायत सेराथाना के वार्ड नंबर सात निवासी नमांश स्याल (37) पुत्र जगन्नाथ वर्तमान में कोयंबटूर में तैनात थे। छह दिन से दुबई में आयोजित एक एयर शो में भाग ले रहे थे। फाइटर जेट तेजस के क्रैश होने से नमांश स्याल बलिदान हुए हैं। इस दुखद समाचार से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
ये भी पढ़ें- Tejas Crash: 'सीधे जमीन से टकराया और आग के गोले में बदला', चश्मदीद ने बताया- कैसे तेजस फाइटर जेट हुआ क्रैश?
शहीद नमांश स्याल के पिता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जगन्नाथ से अमर उजाला से हुई बातचीत में बताया कि स्याल भारतीय वायुसेना में गत 16 साल से अपने सेवाएं दे रहे थे। मौजूदा समय में वह कोयंबटूर में सेवारत थे। उन्होंने बताया कि बलिदानी नमांश की पत्नी भी भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं और बतौर ग्राउंड ऑफिसर सेवाएं दे रही हैं। पिता ने बताया कि बलिदानी नमांश गत 6 दिन से दुबई में एयर शो में भाग ले रहे थे और शुक्रवार को शो का अंतिम दिन था।
उन्होंने बताया कि दुबई में औपचारिकताएं पूरी करके नमांश की पार्थिव देह के यहां सोमवार या मंगलवार को पहुंचने की संभावना है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जाएगा। इस दुर्घटना की खबर मिलते ही उनके घर में शोक की लहर फैल गई, और पूरे गांव में चुप्पी सी छा गई। बलिदानी नमांश की 10 साल की एक बेटी है, जिसकी आंखों में अब अपने पिता के गर्व और बलिदान की यादें हमेशा रहेंगी।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी पायलट के बलिदान पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 'दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमान हादसे में वीरभूमि हिमाचल के जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां के वीर सपूत नमांश स्याल का निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस हादसे से हमने एक वीर, होनहार और साहसी पायलट खोया है। हमें आपके बलिदान पर गर्व है। समस्त राष्ट्र आपकी सेवाओं का ऋणी है। विनम्र श्रद्धांजलि!'