हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च-2026 की मैट्रिक और जमा दो (12वीं) की वार्षिक परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण में पात्र पाए गए अभ्यर्थियों के लिए विशेष अवसर परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र अभ्यर्थी बिना किसी विलंब शुल्क के 6 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, 1,000 रुपये के विलंब शुल्क के साथ 10 अगस्त तक आवेदन का विकल्प रहेगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस विशेष अवसर के तहत मैट्रिक के 222 और जमा दो के 154 पात्र अभ्यर्थी अपने संबंधित विद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यथासंभव नजदीकी परीक्षा केंद्र ही आवंटित किए जाएंगे, ताकि उन्हें परीक्षा देने में कोई असुविधा न हो।
उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और विद्यालयों के संपर्क में रहने का आग्रह किया है। साथ ही, स्कूल प्रधानाचार्यों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पात्र छात्रों के आवेदन समय पर सुनिश्चित कराएं। उन्होंने दोहराया कि बोर्ड विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए न्यायसंगत और समयबद्ध अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।