हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार को होगा। इस चरण में प्रदेश की 1,189 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य के अलावा जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के लिए करीब 17 लाख मतदाता वोट डालेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार तीसरे चरण में 6,615 वार्डों में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। शाम तक पंचायतों के नतीजे आ जाएंगे जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के लिए पड़े वोटों की गिनती 31 मई को होगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।