फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: सरकारी सीबीएसई स्कूलों में 30 तक सेवारत शिक्षकों को मेरिट पर नियुक्ति करे सरकार, हाईकोर्ट ने दिए आदेश

Fri, 18 Sep 2026 07:47 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला।

सार

हाईकोर्ट ने राज्य के सीबीएसई से संबद्ध स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षकों और प्रिंसिपलों की भर्ती, तैनाती की प्रक्रिया नियमों और मेरिट के आधार पर 30 सितंबर तक करने के आदेश दिए हैं।  न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जायसवाल की खंडपीठ ने राज्य सरकार को पांच अक्तूबर तक हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। 
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में 30 सितंबर तक सेवारत शिक्षकों की मेरिट आधार पर नियुक्ति करने का आदेश दिया है। न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जायसवाल की खंडपीठ ने राज्य सरकार को 5 अक्तूबर तक हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना रिपोर्ट भी सौंपने के लिए कहा है। अदालत ने यह आदेश सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद पारित किया। महाधिवक्ता अनूप रतन ने हाईकोर्ट को अवगत कराया कि 14 अगस्त के अदालती आदेश के तहत आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने कहा है कि विज्ञापन के पैरा 5.5 के तहत अधिसूचित सीटों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया हर हाल में 30 सितंबर तक पूरी करें। हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद अब अभ्यर्थियों को लंबे समय से अटकी भर्ती पूरी होने की उम्मीद जगी है। खंडपीठ ने यह आदेश वीरेंद्र सिंह और अन्य की ओर से दायर याचिका पर दिया है। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि जो भी पात्र शिक्षक या प्रिंसिपल चयन प्रक्रिया में आते हैं और जिनकी तैनाती अभी तक नहीं हुई है, उन्हें जल्द इन स्कूलों में तैनात किया जाए।

सेवारत 5,623 शिक्षकों को नियुक्त करने की है योजना
हिमाचल के 155 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में सेवारत शिक्षकों में से ही 5,623 को नियुक्त करने की योजना है। इसके लिए शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के माध्यम से परीक्षा ली गई थी। स्क्रीनिंग टेस्ट में कुल 9,821 शिक्षक शामिल हुए थे। मेरिट सूची में 6,084 शिक्षक शामिल किए गए। इनकी काउंसलिंग के लिए निदेशालय ने शेड्यूल भी जारी कर दिया था। बाद में पंचायतीराज चुनाव का हवाला देते हुए शेड्यूल वापस ले लिया। उधर, 147 प्रिंसिपलों की काउंसलिंग कर निदेशालय ने मेरिट पर सीबीएसई स्कूल भी आवंटित कर दिए हैं, जबकि विभिन्न विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति अभी तक नहीं हो पाई है।
 

सीबीएसई के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की काउंसलिंग 24 को
उधर, प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विज्ञान संकाय के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित होने के बाद अब योग्य और पात्र इन-सर्विस शिक्षकों की तैनाती के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। काउंसलिंग 24 सितंबर को स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला में होगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार काउंसलिंग में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषयों के योग्य शिक्षकों को बुलाया गया है। विषयवार काउंसलिंग अलग-अलग समय पर होगी। फिजिक्स विषय के शिक्षकों की काउंसलिंग सुबह 9:00 बजे से, केमिस्ट्री की दोपहर 12:30 बजे से और बायोलॉजी की काउंसलिंग दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी। काउंसलिंग का आयोजन निदेशालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।
 
विज्ञापन

स्क्रीनिंग टेस्ट में पात्र पाए गए शिक्षकों की मेरिट-वाइज सूची शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है। काउंसलिंग के दौरान मेरिट और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर शिक्षकों को सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में सेवाएं देने के लिए तैनाती दी जाएगी। इससे उन सरकारी स्कूलों में विज्ञान विषयों के शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी, जहां फिजिक्स, केमिस्ट्री या बायोलॉजी के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। काउंसलिंग में शामिल होने वाले शिक्षकों को विभाग की ओर से निर्धारित काउंसलिंग फॉर्म भरकर लाना होगा। इसके साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी। काउंसलिंग में संबंधित शिक्षक की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। निर्धारित समय पर काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें