पुलिस के अनुसार, बीते बुधवार को मंडी जिले के डंगार निवासी अवनीप गुलेरिया ने होटल में एक कमरा बुक किया था। वह यहां अपने तीन दोस्तों के साथ ठहरा हुआ था। होटल में नशा करने के दौरान एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसे देखकर उसके साथी घबरा गए और कमरे को बंद कर चाबी बाहर फेंककर रात करीब 9 बजे वहां से भाग निकले।
बाद में जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो भीतर घुमारवीं के हवाण निवासी रोहित कश्यप अचेत अवस्था में मिला। उसे 108 एंबुलेंस से जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां से नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया।
होटल में कार्यरत प्यारे राम की शिकायत पर थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नाकाबंदी कर सभी भागे युवकों की तलाश शुरू की। सुंदरनगर के हराबाग के पास दो युवकों अवनीप निवासी डंगार और अंकुश निवासी पंजैठी को हिरासत में ले लिया गया है। एक अन्य युवक की तलाश जारी है।
एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि युवक की मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होंगे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।