फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: पहाड़ फिर बर्फ से लकदक, दो एनएच समेत 200 सड़कें बंद; 120 से ज्यादा ट्रांसफार्मर ठप; जानें

Thu, 16 Jan 2025 09:44 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो/शिमला/धर्मशाला।

सार

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 18 से 22 जनवरी तक आठ जिलों के मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में फिर बर्फबारी के आसार हैं। पढ़ें पूरी अपडेट विस्तार से...
विज्ञापन
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद का नजारा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर हिमपात के चलते हिमाचल के पहाड़ एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गए हैं। बुधवार देर रात और वीरवार सुबह मनाली, डलहौजी, शिमला, कुफरी, नारकंडा, रोहतांग समेत प्रदेश के कई इलाकों में हिमपात हुआ है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ कांगड़ा की धौलाधार के पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी एवं निचले इलाकों में बारिश हुई है।

विज्ञापन

बारिश-बर्फबारी के चलते दो नेशनल हाईवे समेत प्रदेश में 200 सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है। 120 से ज्यादा ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। पांगी का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क कट गया है। मौसम के बदलते मिजाज के चलते दिन का पारा दस डिग्री तक गिर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 18 से 22 जनवरी तक आठ जिलों के मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में फिर बर्फबारी के आसार हैं।

ताजा बर्फबारी के कारण मनाली-लेह और आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। वीरवार सुबह राजधानी शिमला और मनाली में भी हल्का हिमपात हुआ है। मनाली से किलाड़ और जम्मू-किश्तवाड़ से किलाड़ मार्ग पर बर्फबारी के चलते वाहनों के पहिये थम गए हैं। लाहौल में 134 सड़कें व आठ बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। कुल्लू में सात सड़कें और एक ट्रांसफार्मर बंद है। प्रशासन ने सैलानियों को संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। मंडी में बालीचौकी, सराज, जंजैहली, बरोट समेत ऊपरी इलाकों व चंबा के डलहौजी, लक्कड़मंडी, डैण कुंड में भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी से चंबा-जोत मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। चुराह और भरमौर समेत जनजातीय क्षेत्र पांगी में बर्फबारी से करीब 50 मार्ग बंद हो गए हैं।

उधर, किन्नौर में बर्फबारी से पथ परिवहन निगम की तीन बसें फंस गई हैं। वीरवार को कल्पा, सांगला, छितकुल, कुन्नोचारंग, हांगो, लिप्पा आसरंग और भावावैली में बर्फबारी हुई। कांगड़ा में वीरवार सुबह बारिश और धौलाधार में बर्फबारी हुई। शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से एचआरटीसी के 49 रूट फेल हुए हैं। उधर, नारकंडा और कुफरी में एनएच अवरुद्ध होने से रामपुर और किन्नौर के लिए सुबह बसें वाया मशोबरा-सुन्नी होकर भेजी गईं। हालांकि, शाम को सड़क बहाल होने के बाद आवाजाही सुचारु हो गई। उधर, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर में बारिश दर्ज हुई। ऊना में ट्रेनें 20 से 30 मिनट देरी से पहुंची। भुंतर से जयपुर और देहरादून के लिए उड़ानें नहीं हुई, वहीं शिमला में भी उड़ानें नहीं हो पाईं।

मौसम ने रोका रास्ता.. सीएम सुक्खू धर्मशाला नहीं जा सके
खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू वीरवार को शिमला से धर्मशाला नहीं जा सके। ऐसे में मुख्यमंत्री ने सचिवालय में कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें कर कामकाज की समीक्षा की। अब मुख्यमंत्री शुक्रवार को धर्मशाला जाएंगे।

कहां कितनी बर्फबारी
 
क्षेत्र  बर्फबारी सेंटीमीटर में
रोहतांग दर्रा 100
अटल टनल 40
सोलंगनाला 30
जलोड़ी दर्रा  30
पलचान 15
भरमौर 15
केलांग 15
मनाली 10
ठियोग 3
शिमला 2
विज्ञापन

न्यूनतम तापमान
 
ताबो  -11.6
कुकुमसेरी -11.1
केलांग -5.5
कल्पा -2.0
कुफरी -1.4
नारकंडा   -1.5
शिमला 1.6
ऊना 3.2
मनाली 1.2

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें