हिमाचल प्रदेश से दक्षिण पश्चिम मानसून विदा होते ही गर्मी बढ़ना शुरू हो गई है। गुरुवार को राजधानी शिमला में तीन और ऊना में सात साल बाद सबसे अधिक पारा दर्ज हुआ। चंबा में 14 साल बाद अधिकतम तापमान 33 डिग्री पहुंचा। सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर में भी पारा चढ़ने से पसीने छूटने लगे हैं। शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। पांच अक्तूबर को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश का पूर्वानुमान है। शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्राें में वीरवार को धूप खिली। शिमला में अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले वर्ष 2021 में अक्तूबर के दौरान शिमला में अधिकतम पारा 26.8 डिग्री रहा था।
ऊना में पारा 36.4 डिग्री रहा। वर्ष 2017 में यहां पारा 36.6 डिग्री था। सोलन में पारा 31 डिग्री दर्ज हुआ। पहले वर्ष 2021 में यहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री पहुंचा था। चंबा में वीरवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा। इससे पहले वर्ष 2010 में चंबा का पारा 34.5 डिग्री रहा था। इसके बाद अक्तूबर के दौरान 33 डिग्री तक नहीं पहुंचा। उधर बुधवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.8, केलांग में 7.3, कल्पा में 7.8, समदो में 10.0, सोलन में 12.4, मनाली में 12.5, भुंतर में 14.4, शिमला में 15.6, मंडी में 16.7, बिलासपुर में 17.2, धर्मशाला में 17.0, चंबा में 17.4, कांगड़ा में 18.5, ऊना में 19.4 और नाहन में 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।