पर्यटन विभाग के किसी भी होटल में दो दिन और एक रात मुफ्त रहने का सुनहरा मौका है। बस, आपको फोटोग्राफी प्रतियोगिता का विजेता बनना होगा।
विभाग प्रतियोगिता करवा रहा है। पहले चार स्थानों पर रहने वाले प्रतिभागियों को यह तोहफा मिलेगा। विजेता के साथ एक अन्य व्यक्ति को ठहरने की सुविधा होगी। इसके अलावा कई आकर्षक पुरस्कार भी हैं।
30 सितंबर से प्रतियोगिता शुरू हो रही है। इसमें कोई भी हिस्सा ले सकेगा। विशेष प्रतिस्पर्धा के विजेताओं को एक जनवरी 2014 से 31 मार्च 2014 की अवधि तक हिमाचल टूरिज्म के किसी भी होटल ठहरने की सुविधा होगी।
पर्यटन विभाग के निदेशक सुभाशीष पांडा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को चार श्रेणियों में बांटा गया है। प्रकृति, साहसिक, धरोहर और संस्कृति एवं धार्मिक पर्यटन विषय इसमें शामिल हैं।
प्रत्येक श्रेणी के पहले तीन स्थानों पर रहने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 5 हजार रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रतिभागी को फोटोशूट कांटेस्ट पेज पर सबमिसन फार्म का उपयोग कर डिजिटल फोटोग्राफ ऑनलाइन प्रस्तुत करने होंगे। हाई रिजोल्यूशन पिक्चर भेजनी होगी। प्रिंटिड फोटोग्राफ स्वीकार्य नहीं किए जाएंगे।
पिक्चर फाइल का आकार अधिकतम 5 एमबी होगा। प्रतिभागियों को राज्य के भीतर ही खींचे गए फोटो रंगीन या ब्लैक एंड व्हाइट प्रेषित करने होंगे।
शिकायत है तो 51969 पर करें मैसेज
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से ऑनलाइन एसएमएस शिकायत प्रणाली शुरू की गई है।
किसी भी होटल, ट्रेवल एजेंट, टूअर ऑपरेटर, गाइड से संबंधित किसी भी शिकायत तथा सहायता के लिए पर्यटक एसएमएस भेजकर विभाग से संपर्क कर सकता है।
एसएमएस भेजने के लिए पर्यटक एचपी टूअर के बाद शिकायत संबंधी विस्तृत जानकारी लिखकर 51969 पर भेज सकता है।