हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज हैंड ग्रेनेड बरामदगी मामले में बद्दी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में संलिप्त तीसरे आरोपी सलीम मोहम्मद निवासी माजरा को भी गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को आरोपी सलीम मोहम्मद और बुधवार को गिरफ्तार की गई उसकी भाभी किरना पत्नी रशीद मोहम्मद को नालागढ़ अदालत में पेश किया गया। इससे पहले मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया था। अदालत ने तीनों आरोपियों को 5 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से ग्रेनेड की बरामदगी, उसके मुख्य सोर्स और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ करेगी। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की निष्पक्ष व गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। बद्दी पुलिस ग्रेनेड कहां से लाया गया और किन परिस्थितियों में इसे छुपाया गया था, इसकी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।