जाइका परियोजना से रोपे जाएंगे 500 हेक्टेयर भूमि पर पौधे
वन विभाग ने वर्ष 2030 तक राज्य के हरित आवरण को 32 फीसदी तक बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसे मिशन-32 नाम दिया गया है। डॉ. संजय सूद ने कहा कि वन विभाग इस लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जाइका वानिकी परियोजना भी इसमें सहयोग कर रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से इस अभियान में भरपूर सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने वन संरक्षण में भी बहुमूल्य योगदान करने की अपील की। जाइका वानिकी परियोजना ने इस वर्ष 500 हेक्टेयर भूमि पर पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। परियोजना ने 2018 से 2025 तक 8343 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए हैं। इससे राज्य के 22 वन मंडलों में हरित क्रांति लाने में मदद मिली है। यह परियोजना मिशन-32 के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए जन सहभागिता से कार्य करेगी। विभागीय स्तर पर भी पौधे रोपने के लिए कार्य किया जाएगा। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत पिछले साल परियोजना ने 124 हेक्टेयर पर पौधे रोपे थे।