जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ और दिल्ली की बड़ी मंडियों में प्रदेश की शिमला मिर्च और टमाटर की अधिक मांग है। इसके दाम भी अच्छे मिल रहे हैं। जिला सोलन के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग खेती पर निर्भर हैं। लोग टमाटर, शिमला मिर्च, मटर, गोभी, बींस और लहसुन समेत कई अन्य नकदी फसलों की पैदावार करते हैं। सोलन की मुख्य नकदी फसल टमाटर और शिमला मिर्च है। सीजन के शुरू में किसानों को टमाटर के अच्छे दाम नहीं मिल सके, लेकिन अब आई तेजी से किसान खुश हैं। इसके अलावा अन्य सब्जियों के भी किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।
उधर, मंडी समिति सोलन के सचिव अरुण शर्मा ने बताया कि दूसरे राज्यों में शिमला मिर्च, टमाटर की अधिक मांग है। इससे किसानों को भी उचित दाम मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में भी टमाटर के दाम स्थिर रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि टमाटर से हर वर्ष करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। अभी तक टमाटर से करीब पांच करोड़ का कारोबार हो चुका है।