ऐसे बरामद हुआ दूसरा ग्रेनेड
बद्दी पुलिस दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर गहन पूछताछ कर रही है ताकि नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। बुधवार को जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपी रशीद को लेकर माजरा गांव स्थित उसके ठिकाने पर पहुंची। मकान के साथ लगते खेत की तलाशी के दौरान टीम को एक अन्य ग्रेनेड मिला। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पंजाब पुलिस के बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर बुलाया गया। दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दोनों ग्रेनेड को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद आसपास के पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, हालांकि अन्य कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।
डीएसपी की अगुवाई में एसआईटी गठित, स्रोत खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता और आतंकी या आपराधिक कनेक्शन की आशंका को देखते हुए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि नालागढ़ पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट 1908 की धारा 4 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। बद्दी पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक यह विस्फोटक कहां से और किस मकसद से पहुंचाए गए थे।