हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचपीएनएलयू) के एक छात्र ने आत्महत्या का प्रयास किया है। बीए एलएलबी थर्ड ईयर के छात्र ने मंगलवार रात हॉस्टल में वीडियो बनाने के बाद यह कदम उठाया। छात्र ने वीडियो में विवि प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बता दें कि पीड़ित छात्र पर रैगिंग के आरोप है। जानकारी के अनुसार एचपीएनएलयू में बीएएलएलबी थर्ड ईयर के छात्र लक्ष्मीनगर (दिल्ली) निवासी निखिल प्रकाश ने मंगलवार रात को करीब 9:00 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में नस काटने के साथ ही बेडशीट से फंदा लगाने की कोशिश की। गनीमत रही कि बेडशीट से बनाया फंदा खुल गया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। सूचना मिलते ही विवि प्रबंधन और अन्य छात्रों की मदद से उसे उपचार के पहले धामी सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी रेफर कर दिया गया। बुधवार शाम को उसे छुट्टी दे दी गई। एएसपी शिमला गौरवजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में कानूनन कार्रवाई कर रही है।