थाउजेंड की जगह थर्सडे लिखा
जानकारी अनुसार स्कूल की ओर से किसी अतर सिंह के नाम 7616 रुपये का चेक काटा गया है। इस चेक में अंक राशि तो सही लिखी है, लेकिन अंग्रेजी के शब्दों में शुरू से लेकर अंत तक ऐसी गलतियां की गई हैं कि लोग अपना सिर पीट लें। चेक में पहले तो सेवन की स्पेलिंग ही गलत लिखी हुई है। इसके बाद थाउजेंड की जगह थर्सडे लिखा हुआ है। यही नहीं सिक्स ठीक लिखा है लेकिन हंड्रेड की स्पेलिंग भी गलत लिखी है। यही नहीं, अंत में सिक्सटीन लिखा जाना था, वहां पर भी सिक्सटी लिखा हुआ है। ऐसे में यह चेक सोशल मीडिया पर खूब वायरल है, और लोग तरह तरह के सवाल कर रहे हैं।
बता दें कि अब तक ऐसे मामले उत्तर प्रदेश और बिहार के स्कूलों से ही सामने आते रहे हैं। यह शायद पहला मौका है कि हिमाचल के जिला सिरमौर के किसी स्कूल से ऐसा मामला वायरल हो रहा है। हालांकि स्कूल प्रबंधन की माने तो चेक पर स्पेलिंग की गलती का पता लगने पर उसे लगाया नहीं गया था। बावजूद इसके सोशल मीडिया पर यह चेक खूब वायरल हो रहा है, जिससे स्कूल और विभाग की भी फजीहत हो रही है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
क्या बोले रोनहाट स्कूल के प्रधानाचार्य?
रोनहाट स्कूल के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह नेगी ने बताया कि कार्य की व्यवस्तता के कारण वह चेक को पूरी तरह से पढ़ नहीं पाए थे। अंकों की राशि को देखकर ही हस्ताक्षर कर दिये थे। उन्होंने माना कि उनको चेक पूरा पढ़ना चाहिए था। उन्होंने कहा कि चेक गलत कटा होने की जानकारी के बाद इसे वापस ले लिया गया था, दूसरा चेक काटा गया था। इस बीच किसी ने फोटो खींचकर वायरल कर दी।