कड़ाके की ठंड के बीच समोसा कांड फिर गरमा गया है। मामले को लेकर स्टेट सीआईडी की शिकायत के बाद पुलिस ने छोटा शिमला थाने में आपराधिक मामला दर्ज कर किया है। एसपी क्राइम सीआईडी की ओर से दी गई शिकायत में सीआईडी ने अपने ही स्टाफ पर जांच एजेंसी के गोपनीय दस्तावेज और सूचनाएं लीक करने का शक जाहिर किया है।
एफआईआर में समोसा कांड का जिक्र नहीं
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (e), 336(4), 59, 60 और 61 के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी गई है। हालांकि एफआईआर में समोसा कांड का जिक्र नहीं है। शिकायत में बताया गया है कि स्टेट सीआईडी के संज्ञान में मामला आया है कि विभाग की गोपनीय सूचनाएं और दस्तावेज गैरकानूनी तरीके से लीक किए गए हैं। इन दस्तावेजों का सीआईडी और सरकार की छवि खराब करने के लिए इस्तेमाल किया गया है।
साजिशन मीडिया को दस्तावेज लीक किए
एक मामले की जांच में संदेह के घेरे में आए लोगों ने पूछताछ में बताया कि सीआईडी स्टाफ से जुड़े कुछ लोगों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर गैरकानूनी तरीके से गोपनीय दस्तावेजों की प्रतियां हासिल कीं। आरोपियों ने साजिशन मीडिया को दस्तावेज लीक किए हैं। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर इन दस्तावेजों को मीडिया के जरिये फैलाया गया।