नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (एनटीटी) के डिप्लोमा की सत्यता में 6,297 प्रशिक्षकों की भर्ती उलझ गई है। राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलेपमेंट कॉरपोरेशन ने शिक्षा विभाग से पूछा है कि कौन से संस्थान एनसीटीई से मान्यता प्राप्त हैं। प्री नर्सरी स्कूलों में 6,297 पदों की भर्ती के लिए 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिए हैं। अंतिम सूची जारी करने से पहले काॅरपोरेशन ने विभाग से कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है।
कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि विभाग से जब यह जानकारी प्राप्त होगी कि कौन से संस्थान मान्यता प्राप्त हैं तो इसके बाद ही अंतिम नामों की सूची विभाग को भेजी जाएगी। काॅरपोरेशन भर्ती एजेंसी है, इसके पास संस्थानों की मान्यता से संबंधित कोई अधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है। 14 निजी कंपनियों के माध्यम से 6,297 प्री प्राइमरी शिक्षकों को नियुक्तियां देने के लिए बीते दिनों साक्षात्कार लिए गए हैं। साक्षात्कार के दौरान कई अभ्यर्थियों की ओर से एनटीटी के फर्जी डिप्लोमा दिखाए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसे में काॅरपोरेशन ने एनसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थानों की जानकारी शिक्षा विभाग से मांगी है।