दिखावा नहीं, अनुच्छेदों की पालना ही संविधान का सम्मान : अनुराग
सांसद अनुराग ठाकुर ने हैदराबाद में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में भाग लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान महज औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की संप्रभुता और अधिकारों की जीवंत गारंटी है। संविधान का सम्मान उसे हाथ में लेकर दिखावा करने से नहीं, बल्कि उसके अनुच्छेदों की पालना करने से होता है। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि राहुल गांधी जिस संविधान की प्रति लहराते हैं, उसकी भूमिका में ही कांग्रेस को संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया गया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सांविधानिक संस्थाओं को लेकर उनकी बयानबाजी विरोधाभासी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान प्रारंभिक स्तर पर चिह्नित प्रविष्टियां अंतिम रूप से हटाई गई प्रविष्टियां नहीं होतीं। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद विश्वविद्यालय और आईआईटी सहित तेलंगाना के युवाओं से सक्रिय मतदाता बनकर लोकतांत्रिक संस्थाओं के सजग प्रहरी बनने का आह्वान किया। इससे पहले अनुराग ठाकुर ने भाजपा तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव एवं पदाधिकारियों से भेंट कर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बेगम बाजार स्थित खेमदास मठ (चूड़ी धाम) में जीण माता एवं श्याम बाबा मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में दर्शन भी किए।