हिमाचल प्रदेश में दस विद्यार्थियों की संख्या वाले वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में सिर्फ एक विषय शिक्षक ही सेवाएं देगा। आवश्यकता से अधिक नियुक्त शिक्षकों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा। वीरवार को राज्य सचिवालय में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षकों के युक्तिकरण के आदेश दिए। बैठक में नौ खेल हाॅस्टलों में 11 कोच और पंजाबी भाषा के 11, उर्दू के 10 शिक्षक नियुक्त करने का फैसला लिया गया। एसएमसी पर नियुक्त प्रवक्ताओं और डीपी की पांच फीसदी एलडीआर कोटे में भर्ती के लिए आरएंडपी नियम बनाने के भी शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीं और दसवीं कक्षाओं में प्रवक्ता को अनिवार्य तौर पर पढ़ाने के मामले की 11-12 नवंबर को समीक्षा होगी। सभी जिला उपनिदेशकों को अपने-अपने क्षेत्रों की प्रस्तुति देनी होगी।