यह पहली बार है जब हिमाचल का कोई संस्थान इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करेगा। तीन दिवसीय महाकुंभ में तकनीकी कार्यक्रम, शोध पत्र प्रस्तुति, प्रोटोटाइप प्रदर्शन, हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और योग गतिविधियां होंगी। इसमें देशभर से करीब 15,000 प्रतिभागियों के जुटने की उम्मीद है। हर दिन लगभग 5,000 विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे।
शिक्षा महाकुंभ का उद्देश्य देश के शोधार्थियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और छात्रों को साझा मंच पर लाना है। इससे शिक्षा, समाज और नवाचार के बीच गहरा तालमेल स्थापित हो सकेगा। इससे पहले इसके पांच संस्करण एनआईटी श्रीनगर, एनआईपीईआर मोहाली, एनआईटी जालंधर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और एनआईटी कुरुक्षेत्र में हो चुके हैं। हालांकि आयोजन की तिथियां और मुख्य विषय अभी घोषित नहीं किए गए हैं, लेकिन इस बार स्कूल स्तर के छात्रों के लिए भी विशेष श्रेणियां शामिल की जाएंगी।