लाखों रुपये के मोबाइल चोरी कर इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन बिक्री का आइडिया शातिर को भारी पड़ गया है। शातिर ऑनलाइन बिक्री कर रहे थे तो वहीं चोरी मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने ग्राहक बन आरोपी को धर लिया। चोरी का यह मामला नादौन बाजार का है। गत शनिवार को नादौन में हुई मोबाइल दुकान पर लाखों की चोरी का मामला मात्र तीन दिनों में सुलझा कर नादौन पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे तीन दिनों का पुलिस रिमांड मिला है। डीएसपी नितिन चौहान ने कहा कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल का एक फोटो इंस्टाग्राम पर डाला था इस फोटो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और ट्रैप लगाया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ग्राहक बनकर उससे फोन खरीदने के लिए संपर्क किया। जब आरोपी चंडीगढ़ से फोन बेचने के लिए नादौन बस अड्डा पर पहुंचा तो उसे पकड़ लिया गया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शनिवार को चंडीगढ़ से चोरी करने के इरादे से ही जरूरी औजार लेकर नादौन आया था। रात करीब 1:30 बजे उसने दवाइयों की दुकान के ताले तोड़े परंतु उसे वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद उसने मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर अंदर से मोबाइल और अन्य सामान चुराया और बैग में भरकर पैदल ही बस अड्डा पहुंच गया जहां सुबह तक वह बैग सहित एक किनारे बैठा रहा। सुबह एक शेयरिंग कैब से वह पूरा सामान लेकर चंडीगढ़ पहुंच गया। आरोपी की पहचान अर्जुन पुत्र महेंद्र सिंह निवासी हसोल के तौर पर हुई है। आरोपी काफी पढ़ा लिखा है और चंडीगढ़ में एक कंपनी में नौकरी करता है। थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने कहा कि आरोपी से सामान की रिकवरी करवाई जाएगी।