जिला मुख्यालय सोलन के एक निजी होटल में युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक राजगढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को कमरे से सिरिंज भी बरामद हुई है। हालांकि इसका प्रयोग हुआ है, इसका पता नहीं चल पाया। पुलिस को सिरिंज का शरीर पर कोई निशान भी नहीं मिला है। हालांकि, परिजनों ने पुलिस को बताया है कि युवक कई दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था।
नाम और पता लिखवाया था गलत
पुलिस के अनुसार राजगढ़ रोड सोलन के एक निजी होटल के मैनेजर वेद प्रकाश ने पुलिस चौकी शहर सोलन में सूचना दी कि इनके होटल के कमरे में एक युवक ठहरा था, जिसने अपना नाम और पता गलत लिखवाया था। जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो युवक ने दरवाजा नहीं खोला। इस दौरान जांच में पाया कि कमरे में राहुल ठाकुर निवासी पच्छाद सिरमौर नामक युवक ठहरा था, जिसके नाम की होटल के रजिस्टर में एंट्री भी पाई गई।
'घर से बिना बताए भाग गया था'
मौके पर स्थानीय पार्षद व अन्य लोगों की मौजूदगी में कमरा का दरवाजा कुंडी तोड़कर खोला गया तो कमरे के अंदर युवक सिरहाने का सहारा लिए हुए बैठा हुआ पाया गया। जब जांच की गई तो युवक मृत पाया गया। शव को एंबुलेंस से सोलन पहुंचाया गया। युवक के पिता ने बताया कि वह 3 जनवरी को घर से बिना बताए भाग गया था और अपने साथ कोई भी मोबाइल फोन नहीं ले गया था। इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना राजगढ़ में भी दर्ज करवाई गई थी।
मानसिक तनाव में था युवक
बताया जा रहा है कि युवक मानसिक तनाव में था। उधर, मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के हवाले कर दिया है। मौत के कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस जांच कर रही है।