प्रीणी में अटल को याद कर भावुक हुए राज्यपाल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिला कुल्लू के चार दिवसीय दौरे के दौरान राज्यपाल शिव प्रताप सोमवार को मनाली पहुंचे। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रीणी स्थित आवास पर भी गए। परिसर में उन्होंने कुछ समय बिताया और अटल के साथ बिताए पलों और स्मृतियों को याद कर भावुक हो गए। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी साथ रहीं।
अटल को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल और हिमाचल वासियों से उन्हें बहुत स्नेह था। वह इसे अपना दूसरा घर मानते थे। उन्होंने यहां के शांत वातावरण में अनेक कविताएं लिखी हैं। वहीं, राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय रोरिक मेमोरियल आर्ट गैलरी और नग्गर कैसल का दौरा भी किया। राज्यपाल ने कहा कि कलाकार निकोलस रोरिक ने हिमाचल की सुंदरता को अपनी कला के माध्यम से तस्वीरों में उकेरा है। यह गैलरी भारत और रूस के मजबूत सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाती है। इससे पूर्व राज्यपाल काई मठ गए। इस दौरान राज्यपाल के सचिव चंद्र प्रकाश वर्मा तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।