हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने किसी कारणवश अपना डिप्लोमा पूर्ण न कर पाने वाले या परीक्षा में फेल अभ्यर्थियों को डिप्लोमा पूर्ण करने का एक मौका दिया है। इस मौके के तहत पाठ्यक्रम एन-2007, एन-2012 और एन-2017 के अभ्यर्थी डिप्लोमा पूरा करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों को एक अक्तूबर तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव अशोक पाठक ने बताया कि यह विशेष अवसर परीक्षा सत्र नवंबर-दिसंबर, 2025 के लिए ही मान्य होगा। इस विशेष अवसर के लिए छात्र-छात्राओं से 2,500 रुपये प्रति सेमेस्टर बिना विलंब शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एन-2007 और एन-2012 के विद्यार्थी परीक्षा फार्म एक अक्तूबर, 2025 तक बिना विलंब शुल्क ऑनलाइन मोड में भरे जाएंगे।
निर्धारित समय के बाद और परीक्षा शुरू होने के 10 दिन पहले तक आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त 2,500 रुपये विलंब शुल्क यानी 5,000 रुपये प्रति सेमेस्टर अदा करने होंगे। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। अगर किसी अभ्यर्थी को कोई दिक्कत आती है तो वह बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।