ऊना जिले के घालूवाल पुल के निकट झुग्गी में आपसी विवाद में एक प्रवासी व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप हैं कि वारदात में आरोपियों ने सरिये की रॉड, डंडे और बेलचे से हमला किया। इससे प्रमोद सिंह गांव हरिणमार, तहसील और थाना वरियापुर, जिला मुंगेर, बिहार की मौत हो गई। बीच-बचाव करते हुए मृतक की पत्नी के सिर पर चोट आई। उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सूचित महतो (50) उर्फ फौजी, अंकुश (24) और अनीश (20) सभी निवासी गांव बावू बगीचा, जिला खगड़िया, बिहार के तौर पर हुई।
कबूतरी देवी (46) पत्नी प्रमोद सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह अपने पांच बच्चों और पति के साथ घालूवाल पुल के पास झुग्गी में रहती है। शाम को उसे बाहर से लड़ाई-झगड़े और गाली-गलौज की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो साथ वाली झुग्गी में सूचित महतो अपने बड़े लड़के अंकुश के साथ बहस कर रहा था। आरोपियों ने उन्हें देखा तो गाली-गलौज करने लगे। जब उसके बेटे मंटून ने सूचित महतो को गाली-गलौज न करने को कहा तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी सूचित महतो, उसके बड़े बेटे अंकुश और छोटे बेटे अनीश ने उसके पति प्रमोद सिंह को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।