सरकार जल्द खरीदेगी 700 नई बसें : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार जल्द 700 बसों की खरीद करने जा रही है। इसमें 250 से ज्यादा बसें डीजल, 300 इलेक्ट्रिकल और 100 टेंपो ट्रैवलर शामिल हैं। यह बसें सभी जिलों में जरूरत के अनुसार दी जाएंगी। अग्निहोत्री बीबीएन में पेयजल और सिंचाई योजनाओं के शुभारंभ पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बद्दी और नालागढ़ के विधायक ने भी इसके लिए पहले ही प्रस्ताव दिए हैं। यहां पर भी कई बसें दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में नाकाम रहा है। दो साल का समय बीत गया। वह ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं, जिसका प्रदेश के लोगों से कोई लेना देना नहीं। पहले विपक्ष ने लोटस अभियान चलाया, जिसमें उनको मुंह की खानी पड़ी। उसके बाद उन्होंने सीपीएस हटाने को लेकर हल्ला करते रहे। अब कोई गाड़ी किसी मंत्री के आगे या पीछे जाती है तो उसको लेकर भी ढिंढोरा पीटते हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि पेयजल को लेकर बीबीएन में क्रांतिकारी कदम उठाने की जरूरत है। यहां पर जमीन का पानी का स्तर काफी नीचे गया है। इसे देखते हुए लंबे समय की योजना बनाने की यहां पर जरूरत है। खड्डों और नालों की तटीकरण नहीं हो पाया है। किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। ऊना जिले में 1,500 करोड़ रुपये से तटीकरण हुआ और इससे कई बीघा उपजाऊ जमीन नई बनी है।