नारग स्कूल को देश में तीसरा स्थान।
- फोटो : संवाद
पीएम श्री पं. दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग का चयन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ 191 विद्यालयों में हुआ है। दरअसल, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने एनसीईआरटी और राज्य परियोजना कार्यालय के सौजन्य से सत्र 2025-26 में देशभर के सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें पूरे देश से 1,047,859 विद्यालयों ने भाग लिया।
इसमें पीएम श्री पं. दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग ने वरिष्ठता श्रेणी में देश भर में तृतीय स्थान हासिल किया। सिरमौर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय धमून का चयन भी देशभर से चयनित 191 विद्यालयों में हुआ है। प्रदेश के 11 विद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुए हैं। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा एक लाख की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित वर्मा ने समस्त विद्यालय परिवार, विशेषकर स्वच्छता समिति, शिक्षकों, गैर शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों को बधाई दी है। विद्यालय प्रबंधन समिति एसएमसी के अध्यक्ष नीरज पंवर और दूसरे सदस्यों ने भी बधाई दी है।