बस यात्रियों ने हिमाचल के परिवहन मंत्री जीएस बाली की नींद खराब कर दी है। हेल्पलाइन नंबर के कारण परिवहन मंत्री रात को सो नहीं पा रहे हैं। नींद पूरी न होने के कारण उनकी सेहत खराब होने लगी है।
मंगलवार रात को भी मंत्री हेल्पलाइन नंबर के कारण रात को सो नहीं सके। अब डॉक्टरों की सलाह पर वह एचआरटीसी का हेल्पलाइन नंबर छोड़ने जा रहे हैं।
परिवहन मंत्री ने कांग्रेस सरकार के पिछले कार्यकाल में हेल्पलाइन नंबर शुरू किया था। पिछले कई वर्षों से यह नंबर उनके काम करने के तरीके की पहचान रहा है।
वह इस नंबर पर आने वाली हर शिकायत को खुद निपटाते हैं लेकिन अब डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें इसे छोड़ना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि नींद पूरी न होने से सेहत खराब हो रही है।
ज्यादा कॉल्स अटेंड करने से सर्वाइकल पेन बढ़ रही है। इसे देखते हुए बाली इस नंबर को छोड़ रहे हैं। मंगलवार रात को भी वह इस हेल्पलाइन नंबर के कारण सो नहीं पाए।
शिमला से रवाना हुई डीलक्स बस बिलासपुर के ब्रह्मपुखर के पास रात को 2.30 बजे खराब हो गई। सवारियों ने मंत्री को जगा दिया। जैसे-तैसे इंतजाम कर सवारियों को तो बस उपलब्ध करवा दी गई लेकिन इससे मंत्री रात भर सो नहीं पाए।
जीएस बाली कहते हैं कि अफसरों को यह नंबर देने का प्रयोग अच्छा नहीं रहा है। अगर वह स्टाफ को नंबर दें तो भी लोग अपनी संतुष्टि के लिए उनसे ही बात करना चाहते हैं। अब उन्हें डॉक्टरों की बात माननी होगी। गौरतलब है कि परिवहन मंत्री का यह नंबर एचआरटीसी की हर बस में लिखा है।