निगमों और बोर्डों में सेवाएं दे रहे कर्मचारी भी शामिल रहेंगे
इस व्यवस्था में सरकारी विभागों के अलावा निगमों और बोर्डों में सेवाएं दे रहे कर्मचारी भी शामिल रहेंगे। अनुबंध पर नियुक्त कर्मियों, दिहाड़ीदारों, अंशकालिक कर्मचारियों और मानदेय पर काम करने वालों के भुगतान को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इधर, दीपावली पर प्रदेश के 1,444 पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को प्रदेश सरकार आर्थिक सहायता की सौगात देने जा रही है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से कुल 6 करोड़ 10 लाख 57 हजार 310 रुपये की सहायता राशि वितरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री 6 नवंबर को वितरित करेंगे राशि
मुख्यमंत्री 6 नवंबर को इस राशि का वितरण करेंगे। विवाह सहायता योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये, शिक्षा सहायता योजना में 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये और चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54 हजार 610 रुपये वितरित किए जाएंगे। मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32 लाख 80 हजार, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 86 लाख 58 हजार, शेष 5 लाख 10 हजार रुपये अन्य कल्याणकारी योजनाओं और सहायता मदों के तहत वितरित होंगे।
मंडी के सबसे अधिक 440 लाभार्थी
मंडी जिले के सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की सहायता मिलेगी। शिमला जिले के 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपये, किन्नौर के 168 लाभार्थियों को 64 लाख 92 हजार 200 रुपये और हमीरपुर के 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपये वितरित किए जाएंगे। बिलासपुर के 173 लाभार्थियों को 65 लाख 53 हजार 800 रुपये, ऊना के 142 लाभार्थियों को 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 700 रुपये, कांगड़ा के 63 लाभार्थियों को 31 लाख 200 रुपये और चंबा के 50 लाभार्थियों को 14 लाख 12 हजार 600 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। सिरमौर के 29 लाभार्थियों को 15 लाख 38 हजार 200 रुपये, कुल्लू के 38 लाभार्थियों को 9 लाख 45 हजार 600 रुपये तथा सोलन जिले के 10 लाभार्थियों को 5 लाख 95 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सैहब के सैकड़ों कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगा बोनस
वहीं शिमला में सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे सैहब सोसायटी के कर्मचारियों को दिवाली से पहले तनख्वाह के साथ बोनस का पैसा भी मिलेगा। इसके अलावा एमसी के कर्मचारियों के लिए 5 फीसदी डीए की किस्त भी जारी की है। वहीं सैहब सोसायटी 720 से ज्यादा कर्मचारियों को तनख्वाह और बोनस देने के लिए नगर निगम ने करीब तीन करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। सात नवंबर से पहले यह तनख्वाह और बोनस का पैसा कर्मचारियों के खाते में जमा हो जाएगा। हर साल नगर निगम सैहब सोसायटी के कर्मचारियों को बोनस के रूप में 1500 रुपये देता है। निगम प्रशासन के अनुसार नए पोर्टल के इस्तेमाल के चलते पिछले तीन महीने से नगर निगम को कूड़ा शुल्क के रूप में बेहद कम पैसा मिला है। कर्मचारियों को दिवाली के उपलक्ष्य पर समय पर तनख्वाह मिले, इसके लिए नगर निगम ने अपने फंड से बजट का प्रावधान किया है। यह पैसा बुधवार को सैहब सोसायटी को जारी कर दिया गया है।
ठेकेदारों का पैसा रोका, करना होगा इंतजार
निगम प्रशासन ने नियमित कर्मचारियों के पांच फीसदी डीए की किस्त भी जारी की है। इसके अलावा दिवाली पर 30 हजार रुपये एडवांस के लिए आवेदन करने वाले कर्मचारियों को भी बुधवार को पैसा देने के लिए 80 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। अगले एक-दो दिन में यह पैसा कर्मचारियों के खाते में जमा हो जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि दिवाली मुख्य त्योहार है और कर्मचारियों की मांग के अनुसार उन्हें पैसा जारी किया जा रहा है। सैहब कर्मी शहर को साफ-सुथरा बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, उन्हें तनख्वाह के साथ बोनस राशि भी दिवाली से पहले मिलेगी। कंगाली से जूझ रहे नगर निगम को कर्मचारियों को एडवांस लोन, सैहब कर्मचारियों को तनख्वाह के साथ बोनस देने के लिए ठेकेदारों के बिल भुगतान रोकने पड़े हैं। इन ठेकेदारों को अब दिवाली के बाद ही पैसा आने पर बिल भुगतान होगा। नगर निगम को ठेकेदारों के 20 करोड़ रुपये से ज्यादा के बिल का पैसा जारी करना है।