हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए फेस रिकग्निशन बायोमेट्रिक पर हाजिरी लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। चूक पर कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस बाबत निर्देश जारी किए। शिक्षकों को अब स्कूल पहुंचते और निकलते समय बायोमेट्रिक से हाजिरी जरूरी कर दी गई है। उपनिदेशकों और बीईईओ को खुद भी बायोमेट्रिक से हाजिरी लगानी होगी। जारी निर्देशों के अनुसार सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश और कार्यालय छोड़ने के समय फेस रिकग्निशन आधारित बायोमेट्रिक टर्मिनल पर अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करनी होगी।