थुनाग बाजार, लांब, केल्टी, रोपा, उंधीगाड़, कुथाह, लस्सी चिऊणी, शिवा खड्ड, चैड़ाखड्ड, लंबाथाच, शरण जैसे क्षेत्रों में घर नालों में आई बाढ़ में बह गए। बाखली, कुकलाह, जरोल, पांडवशीला, चैड़ाखड्ड, शिवा खड्ड, खबलेच, जैंशला, ढीम कटारू, तुंगाधार, पखरैर, बगस्याड, शिकावरी, ब्रेयोगी, गतू, मैहरीधार, रूहमणी और काकड़धार जैसे क्षेत्रों में खतरा बरकरार है। करीब 20 हजार लोग विस्थापन के कगार पर हैं। सराज की 38 पंचायतों के 129 राजस्व गांवों में रहने वाली 80 हजार आबादी इस आपदा की चपेट में है। भूस्खलन और बाढ़ ने मकान, स्कूल, गोशालाएं और खेतों को मलबे में बदल दिया। अब सराज में जीवन यापन जोखिम भरा हो गया है। लोग सुरक्षित स्थानों या रिश्तेदारों के पास पलायन कर रहे हैं।
बाखली खड्ड, देजी खड्ड, रूहाड़ागाड़, चिमटी खड्ड, तीर्थन खड्ड, घुमराला नाला और चिऊणी खड्ड ने इस आपदा में विकराल रूप दिखाया और चपेट में आने वाली हर चीज को अपना साथ ले गए। सराज के अधिकांश गांव नालों, खड्डों और छोटी पहाड़ियों के किनारे बसे हैं। जो अब बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आ चुके हैं। थुनाग बाजार पिछले तीन साल से मानसून की मार झेल रहा है, इस बार भी तबाही से नहीं बच सका।
देजी गांव के प्रभावित जालम सिंह, सोहन सिंह, नंद लाल, मस्त राम व अन्य ने बताया कि आपदा में गांव पूरी तरह खत्म हो गया है। यहां दोबारा बसना मुश्किल हो है। रूशाड़गाड़ गांव के प्रभावित इंद्र सिंह, दलवीर, और गोकुल चंद ने बताया कि यहां अब रहना खतरे से खाली नहीं है। थुनाग के प्रेम सिंह ने बताया कि यहां चार पीढि़यों से रह रहे हैं। आपदा में मकान बह गया है। अब कहां रहेंगे।