हिमाचल प्रदेश में जल्द ही कांग्रेस कार्यकारिणी का विस्तार होगा। दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद केंद्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के नेताओं की बैठक में इस बाबत विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अलग-अलग पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिले।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी शुक्रवार दोपहर ऊना से दिल्ली रवाना हो गए। मुकेश शनिवार को पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल हिमाचल के दो बार दौरे करने के बाद अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप चुकी है। ऐसे में संभावित है कि अब हाईकमान कार्यकारिणी के विस्तार पर इसी माह फैसला ले सकता है। कांग्रेस के नेताओं की दिल्ली दौड़ से सियासी हलचल बढ़ गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं के साथ बैठक के बाद कार्यकारिणी विस्तार पर एक राय बन गई है। नवंबर 2024 में प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग हो गई थी। वर्तमान में सिर्फ प्रतिभा सिंह ही प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हैं। ब्लॉक से लेकर जिला और राज्य कार्यकारिणी भंग हैं।