अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में बुधवार को आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल के विकास मॉडल की खूबियां गिनाई। मुख्यमंत्री ने देश भर के कांग्रेस नेताओं को राज्य सरकार की व्यवस्था परिवर्तन की नीति से अवगत कराया। सवा दो साल के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी नीतियों की मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने भाजपा से मुकाबला करने को आक्रामक तेवर अपनाने और बूथ स्तर पर पार्टी मजबूती का सुझाव भी दिया।
सुक्खू ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल के साथ भेदभाव कर रही है। प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान सदी की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा आई। राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार से आर्थिक पैकेज मांगा गया लेकिन कोई आर्थिक मदद नहीं मिली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल से हैं। प्रदेश से भाजपा के सात सांसद हैं लेकिन किसी भी नेता ने हिमाचल के हक की लड़ाई नहीं लड़ी। राज्य सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से प्रभावित परिवारों की मदद की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर पूर्व की भाजपा सरकार करोड़ों रुपये का कर्ज छोड़कर गई। सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार को वित्तीय आपदा का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं। प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में ले जाने के लिए काम किया जा रहा है। उधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे।