लोगों से पूछा-सरकार से क्या मदद मिली
छह सदस्यीय दल ने शाहपुर उपमंडल के बोह में फ्लैश फ्लड प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। लोगों से पूछा कि सरकार से क्या सहायता मिली। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु के नेतृत्व में पहुंची इस टीम ने गगल एयरपोर्ट पर जिला अधिकारियों से राहत व पुनर्स्थापना कार्यों की प्राथमिक जानकारी ली। केंद्रीय दल में जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामवतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा, वित्त मंत्रालय के उप निदेशक कनव दुआ और इसरो के वैज्ञानिक डॉ. शशिवर्धन रेड्डी शामिल हैं। बोह घाटी के दौरे के बाद केंद्रीय टीम ने धर्मशाला में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले में मानसून से हुए कुल नुकसान, राहत वितरण और ढांचागत पुनर्स्थापना कार्यों की प्रगति का विस्तृत ब्योरा केंद्रीय दल के समक्ष रखा जाएगा।