नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि आपदा की गंभीर स्थिति में भी कांग्रेस सरकार के फैसले आम जनता की परेशानियां बढ़ाने वाले साबित हो रहे हैं। प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लोग अपने टूटे-फूटे घरों के पुनर्निर्माण के लिए जूझ रहे हैं, वहीं सरकार बार-बार सीमेंट के दाम बढ़ाकर उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी कम कर सीमेंट के दाम घटाने का संवेदनशील और जनहितकारी निर्णय लिया था, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने उस राहत को समाप्त करते हुए एडिशनल गुड्स टैक्स लगाकर सीमेंट के दाम फिर से बढ़ा दिए।